Breaking NewsNational

Noida Bus Fire। नोएडा में चलती AC स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत; 35 लोग थे सवार

Noida Bus Fire। उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यात्रियों से भरी प्राइवेट स्लीपर AC बस में अचानक आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसे के वक्त बस में कुल 35 यात्री सवार थे।

जानकारी के मुताबिक हादसा जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर रात लगभग 11:30 बजे हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी।

AC में स्पार्क के बाद आग लगने की शुरुआती जानकारी

चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन के हिस्से में आग लगने की आशंका सामने आई है। देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

नोएडा

आग फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 20 यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।

45 मिनट में बुझी आग, दो घंटे चला रेस्क्यू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद फायर कर्मियों ने बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर प्रवेश किया और एक-एक करके शवों को बाहर निकाला।

पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब दो घंटे लगे। आग इतनी भीषण थी कि मृतकों के शव बुरी तरह झुलस गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल बताया जा रहा है। शवों की पहचान के लिए आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

हादसे के बाद दो घंटे बंद रहा एक्सप्रेस-वे

आग की घटना के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे की दिल्ली-आगरा लेन करीब दो घंटे तक प्रभावित रही। पुलिस और दमकल टीम ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई की। बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। यह बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है।

ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में

पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।हमीरपुर के एक यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर ने तत्काल बस नहीं रोकी। यात्री के मुताबिक जब लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़ना शुरू किया, तब बस को रोका गया। इस दावे की पुलिस जांच कर रही है।

CM योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page