PM मोदी की सौगातों पर अनिल विज का खास अंदाज, कविता से जताया आभार

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अनोखे अंदाज में खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस बार सावन में बारिश की नहीं, बल्कि विकास और निवेश की “नोटों की बरसात” हुई है।
उन्होंने कहा—
“इस बरस सावन में अजब बात हुई,
पहले गिरती थीं बूंदें,
इस बार नोटों की बरसात हुई,
क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की सौगातें लेकर आए हैं।”
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन बनी ऐतिहासिक उपलब्धि
अनिल विज ने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारत के रेलवे इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनके अनुसार यह केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि स्वच्छ और आधुनिक तकनीक वाली ट्रेन की शुरुआत हरियाणा से हुई।
उन्होंने कहा कि कोयला, तेल और गैस जैसे पारंपरिक ऊर्जा स्रोत सीमित हैं, इसलिए भविष्य वैकल्पिक ऊर्जा का है। हाइड्रोजन ट्रेन उसी दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि है।
अंबाला-कालाअंब हाईवे से उद्योग और पर्यटन को मिलेगा लाभ
ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित अंबाला-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच आवागमन आसान होगा, जबकि व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
हरित ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ रहा हरियाणा
अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार कर्मचारियों के लिए पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। इसमें उपभोक्ताओं को बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और आवश्यक राशि बिजली बिल के माध्यम से आसान किस्तों में वसूली जा सकेगी।
वर्चुअल कार्यक्रम में हुए शामिल
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला से वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास और आधुनिक तकनीक के नए दौर में प्रवेश कर चुका है तथा भविष्य में हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी राज्य अग्रणी भूमिका निभाएगा।







