भिंड हादसा: गायों को बचाने के चक्कर में भीषण टक्कर, 8 मजदूरों की मौत; 22 घायल, CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

Bhind Accident : मध्य प्रदेश के भिंड जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास मजदूरों से भरी लोडिंग गाड़ी की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोडिंग वाहन में सवार मजदूर धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। छीमका गांव के पास सड़क पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोडिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 घायलों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
मजदूर रोजी-रोटी के लिए मध्य प्रदेश में धान रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद वे लखीमपुर खीरी स्थित अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, घायलों का उपचार जारी है।







