हरियाणा में HSVP प्लॉट धारकों के लिए बड़ी राहत! 4,924 लोगों को 724 करोड़ से ज्यादा की छूट, जानें पूरी योजना

HSVP Plot Scheme 2026 : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने प्लॉट धारकों को बड़ी राहत देते हुए ‘विवादों से समाधान योजना 2026’ शुरू करने की घोषणा की है। योजना का उद्देश्य खासतौर पर प्लॉट एन्हांसमेंट से जुड़े पुराने और लंबित विवादों का एकमुश्त समाधान करना है। इससे उन आवंटियों को भी मौका मिलेगा, जो पहले लाई गई योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाए थे।
4,924 प्लॉट धारकों को मिलेगा फायदा
HSVP के मुताबिक, योजना के दायरे में प्रदेश के 103 सेक्टरों के करीब 4,924 लाभार्थी आएंगे। पात्र आवंटियों को कुल मिलाकर 724 करोड़ रुपये से अधिक की छूट दिए जाने का प्रावधान है।
योजना में केवल सामान्य आवासीय प्लॉट ही नहीं, बल्कि फ्लोर-वाइज पंजीकरण, ग्रुप हाउसिंग साइट्स, संस्थागत और औद्योगिक प्लॉट भी शामिल किए गए हैं।
ऐसे चेक करें अपनी छूट
पात्र प्लॉट धारक अपनी प्लॉट आईडी और पासवर्ड के जरिए HSVP के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी निर्धारित छूट राशि की जानकारी ले सकते हैं।
किसी तरह की परेशानी होने पर संबंधित एस्टेट ऑफिस से संपर्क किया जा सकता है। आवंटी पोर्टल के जरिए भी अपनी समस्या या अनुरोध दर्ज करा सकते हैं।
31 दिसंबर 2026 तक मिलेगा मौका
प्राधिकरण ने योजना का लाभ लेने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की है। HSVP ने पात्र आवंटियों से समय सीमा समाप्त होने से पहले योजना का लाभ लेने की अपील की है।
वहीं, डिफॉल्टर और बकायेदार आवंटियों को लेकर प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। तय अवधि में योजना का लाभ नहीं लेने पर लागू नियमों के तहत प्लॉट के पुनः अधिग्रहण की कानूनी कार्रवाई शुरू किए जाने की चेतावनी दी गई है।







