पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी BJP, राज्य चुनाव समिति का गठन

चंडीगढ़, 23 नवंबर। पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य चुनाव समिति का गठन किया है। समिति में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों और विधायकों को शामिल किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के हस्ताक्षर से जारी सूची के अनुसार, राज्य चुनाव समिति में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया और श्वेत मलिक को शामिल किया गया है। इनमें कई नेता भाजपा पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह
समिति में प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्रीनिवासलू, पूर्व लोकसभा सांसद परनीत कौर, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, प्रदेश सचिव मनजीत सिंह मन्ना, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, पंजाब के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश बब्बू और मुकेरियां से विधायक जंगी लाल महाजन को भी शामिल किया गया है।

विशेष आमंत्रित सदस्य भी किए गए शामिल
पार्टी ने समिति में विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में पंजाब भाजपा के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर को शामिल किया है।
चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि राज्य चुनाव समिति आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करने, चुनावी तैयारियों को गति देने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और राज्य को विकास, खुशहाली एवं स्थिरता के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य चुनाव समिति के गठन को भाजपा की 2027 विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक तैयारियों के एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।







