चंडीगढ़ में छठ पूजा के लिए ₹50 लाख का बजट, मेयर सौरभ जोशी का पूर्वांचल समाज ने किया सम्मान

चंडीगढ़, 2 नवंबर: छठ महापर्व को लेकर चंडीगढ़ में रहने वाले मिथिलांचल और पूर्वांचल समाज में खुशी का माहौल है। शहर में छठ पूजा के आयोजन के लिए करीब 15 से 20 स्थानों पर व्यवस्थाएं करने और इसके लिए ₹50 लाख का बजट स्वीकृत करवाने की पहल को लेकर सैकड़ों लोग सोमवार को मेयर सौरभ जोशी के कार्यालय पहुंचे। यहां मिथिलांचल छठ पूजा समिति की ओर से मेयर का भव्य अभिनंदन किया गया और उन्हें ‘मिथिलांचल सम्मान’ से नवाजा गया।
समिति के प्रतिनिधियों ने इस पहल को समाज की धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी मांग के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार, चंडीगढ़ नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति (F&CC) से छठ पूजा के लिए ₹50 लाख के बजट को मंजूरी दिलाने की पहल की गई है। समिति ने बताया कि पहले इस आयोजन के लिए ₹35.27 लाख का बजट प्रस्तावित था, जिसे बढ़ाकर ₹50 लाख करवाया गया।

15 से 20 स्थानों पर छठ पूजा की व्यवस्था की पहल
मिथिलांचल छठ पूजा समिति के मुताबिक, इस बजट के माध्यम से शहर के अलग-अलग इलाकों में छठ महापर्व के आयोजन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे व्रतधारी महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को पूजा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम हो सकती है।
छठ पूजा के लिए प्रस्तावित स्थानों में मलोया, धनास, मौलीजागरां, रामदरबार, हल्लोमाजरा, बहलाना, बुड़ैल, कजहेड़ी, इंदिरा कॉलोनी मनीमाजरा, कच्ची कॉलोनी धनास, दड़वा और खुड्डा लाहौरा सहित शहर के अन्य इलाके शामिल हैं।
मेयर बोले- हर समाज की आस्था का सम्मान करना हमारा कर्तव्य
इस मौके पर मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि माताओं-बहनों की अटूट आस्था, कठिन तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि किसी भी महिला या बुजुर्ग श्रद्धालु को छठी मैया की पूजा के लिए अपने घर से बहुत दूर न जाना पड़े।
मेयर ने कहा कि चंडीगढ़ में रहने वाला हर समाज उनके लिए परिवार की तरह है और उसकी आस्था का सम्मान करना नगर निगम का कर्तव्य है। शहर की पहचान केवल खूबसूरती और आधुनिकता से नहीं, बल्कि यहां रहने वाले सभी समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक भावनाओं के सम्मान से भी बनती है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम की ओर से चिन्हित स्थानों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
पूर्वांचल समाज ने जताया आभार
मिथिलांचल छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सैकड़ों लोगों का मेयर कार्यालय पहुंचकर आभार जताना इस बात का प्रतीक है कि यह पहल केवल बजट तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मिथिलांचल और पूर्वांचल समाज की आस्था और भावनाओं से जुड़ी है।
समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्वांचल समाज चंडीगढ़ के विकास, निर्माण, व्यापार और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। ऐसे में उसके प्रमुख धार्मिक पर्व को नगर निगम की ओर से विशेष प्राथमिकता मिलना समाज के लिए खुशी और सम्मान की बात है।
समिति ने उम्मीद जताई कि यह पहल आने वाले वर्षों में चंडीगढ़ में छठ महापर्व के भव्य और व्यवस्थित आयोजन की मजबूत नींव बनेगी।
कार्यक्रम के अंत में सैकड़ों लोगों ने मेयर सौरभ जोशी का अभिनंदन किया और छठी मैया के जयकारों के साथ उनके प्रति आभार व्यक्त किया।







