हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप

हिसार। हरियाणा के हिसार में कोर्ट परिसर के बाहर गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पेशी के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फायरिंग में काना की मौत हो गई। घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति के भी गोली लगने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि वारदात दोपहर करीब 2 बजे हुई। जैसे ही काना ने कोर्ट गेट की ओर प्रवेश किया, बाइक पर आए दो हमलावरों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों ने करीब 14 राउंड फायर किए। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके पर दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
31 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विनोद पानू उर्फ काना के खिलाफ करीब 31 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
उस पर हिसार में विधायक सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा के भतीजे संजय उर्फ बिट्टू की हत्या के मामले में भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
एक हमलावर पुलिस की गिरफ्त में
हिसार के एएसपी मयंक मुदगिल के मुताबिक, पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपियों में से एक व्यक्ति को पकड़ लिया है। हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से पकड़े गए आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे कौन लोग थे और गैंगस्टर की हत्या की साजिश किस वजह से रची गई। कोर्ट परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।
कोर्ट की सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े कोर्ट गेट के पास हुई इस गोलीबारी ने न्यायिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पेशी के लिए लाए जाने वाले कुख्यात अपराधियों की सुरक्षा और कोर्ट परिसर में हथियार लेकर पहुंचने वाले हमलावरों को लेकर पुलिस की चुनौती सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश के प्रयास जारी हैं।







