चंडीगढ़ में गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से पहुंचे पावन मिट्टी कलश का भव्य स्वागत, शोभायात्रा के साथ हुई स्थापना

चंडीगढ़, 1 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “संत शिरोमणि गुरु रविदास जी समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की पावन जन्मस्थली वाराणसी से लाए गए पवित्र मिट्टी के कलश का शनिवार को चंडीगढ़ में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।
भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पावन कलश लेकर पहुंची टोली का पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित खैरवाल, मंडल नंबर-3 के अध्यक्ष वीरेंद्र जेडी, प्रदेश महामंत्री बबलू भारती, उपाध्यक्ष सुनील बागड़ी, सोशल मीडिया इंचार्ज रोहित घावरी, जिला अध्यक्ष अमरजीत और अक्षय बिड़ला सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
स्वागत समारोह के बाद पावन कलश के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो चंडीगढ़-पंजाब सीमा से शुरू होकर सेक्टर-32 स्थित श्री चिंतपूर्णी माता मंदिर और वहां से श्री हनुमान मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। गुरु रविदास जी के जयघोष और सामाजिक समरसता के संदेश से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई स्थापना
सेक्टर-32 स्थित श्री हनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ पावन मिट्टी के कलश की विधिवत स्थापना की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने समाज में समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रहित के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों और आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी को अब चंडीगढ़ के सभी मंडलों में ले जाया जाएगा, जहां विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मेयर, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, संत समाज, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







