पंजाब में JDU की एंट्री: विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल (यू) ने पेश किया रोडमैप, मलविंदर सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष

चंडीगढ़, 4 जुलाई: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) ने पंजाब की राजनीति में औपचारिक रूप से कदम रखते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी रणनीति का ऐलान कर दिया है। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी ने पंजाब में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और चुनावी रोडमैप पेश किया। साथ ही मलविंदर सिंह को पार्टी का पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा भी की गई।
पंजाब में मजबूत विकल्प बनने का दावा
पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि जनता दल (यू) पंजाब में विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य को ऐसी सरकार की जरूरत है जो युवाओं, किसानों, व्यापारियों और आम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करे तथा जवाबदेह प्रशासन प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पंजाब की राजनीति में एक सकारात्मक और भरोसेमंद विकल्प बनना है।
विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ने का ऐलान
प्रेस वार्ता में पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके लिए राज्यभर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की योजना बनाई गई है।
संजय कुमार ने बताया कि जनता दल (यू) का संगठन बिहार के अलावा अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, असम, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप सहित कई राज्यों में सक्रिय है और अब पंजाब में भी संगठन को मजबूत किया जाएगा।
पंजाब कोर कमेटी का गठन
पार्टी ने प्रेस वार्ता के दौरान पंजाब इकाई की नई कोर कमेटी की भी घोषणा की।
नई नियुक्तियां इस प्रकार हैं:
- मलविंदर सिंह – प्रदेश अध्यक्ष
- गुरपाल सिंह हुंडल – उपाध्यक्ष
- आई.एस. आहलूवालिया – सेक्रेटरी जनरल
- संजीव झा – महासचिव (संगठन)
- कंवर सिंह ढींडसा – कोर कमेटी सदस्य
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
रोजगार, कृषि और शिक्षा रहेगा मुख्य फोकस
जनता दल (यू) ने अपने राजनीतिक एजेंडे में रोजगार सृजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कृषि सुधार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कल्याण और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देने की बात कही।
पार्टी का कहना है कि वह प्रदर्शन आधारित राजनीति और समावेशी विकास के मॉडल पर काम करेगी।
राज्यभर में चलेगा सदस्यता अभियान
पार्टी नेतृत्व ने घोषणा की कि जल्द ही पूरे पंजाब में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के जरिए युवाओं, महिलाओं, किसानों, पेशेवरों और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।







