पंजाब चुनाव: AAP की पहली लिस्ट में 40 उम्मीदवारों के नाम, CM भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे चुनाव

AAP Candidate List 2027: आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जगह मिली है।
केजरीवाल के आवास पर PAC की बैठक के बाद हुआ ऐलान
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंजाब चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। इसके बाद पार्टी ने 40 प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप देते हुए पहली सूची जारी की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उनका नाम भी पहली सूची में शामिल है और वह धूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।









