Panchkula Bus Accident : पंचकूला के मोरनी बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल बस पहाड़ी से टकराई


Panchkula Bus Accident : हरियाणा के पंचकूला जिले के मोरनी क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 10 बजे एक निजी बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई और पहाड़ी से टकरा गई। बस में करीब 50 छात्र-छात्राएं सवार थे, जिनमें से लगभग 20 को चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घायलों को दूसरी बस के जरिए पंचकूला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, नेचर कैंप थापली से कुछ दूरी पर ही बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। बस चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। बस चालक ने स्थिति को भांपते हुए कई घुमावदार मोड़ों पर संतुलन बनाए रखा, लेकिन आगे एक खतरनाक मोड़ आने पर बस के खाई में गिरने का खतरा बढ़ गया। ऐसे में चालक ने समझदारी दिखाते हुए बस को डिवाइडर से टकरा दिया, जिससे बस खाई में गिरने से बच गई।
घायलों की स्थिति
हादसे में घायल छात्रों में पलवल और महेंद्रगढ़ जिलों के युवक-युवतियां शामिल हैं। सभी को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी छात्र खतरे से बाहर हैं। जानकारी के मुताबिक हरियाणा के महेंद्रगढ़ और पलवल जिलों से खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के तहत युवाओं का एक दल इस कैंप में शामिल होने आया था। यह कैंप 27 मार्च से शुरू हुआ था,1 अप्रैल तक चलना निर्धारित है। छात्रों को एडवेंचर और प्राकृतिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। हालांकि, इस मामले में ड्राइवर की सतर्कता ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया, जिससे कई जिंदगियां बच गईं।







