Breaking NewsCrimePunjab

जालंधर में खड़े कैंटर से टकराई तेज रफ्तार स्विफ्ट, 3 युवकों की मौत; हादसे के बाद चालक फरार

Punjab News : पंजाब के जालंधर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों में मातम पसरा दिया। भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर करीब सुबह 6 बजे जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट सड़क पर खड़े कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार की छत तक अलग हो गई। नंबर प्लेट टक्कर के बाद काफी दूर जा गिरी, जबकि एयरबैग भी खुल गए। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, कार में तीन युवक सवार थे। इनमें से दो के शव आगे की सीटों के पास फंसे मिले, जबकि तीसरे युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि वह कार की पिछली सीट पर बैठा था।

जालंधर में भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार के अंदर फंसे शवों को निकालने में पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

जालंधर से अमृतसर जा रही थी कार

SHO राकेश कुमार के अनुसार, हादसा भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि स्विफ्ट जालंधर से अमृतसर की तरफ जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, हाईवे पर एक कैंटर खड़ा था और तेज रफ्तार कार सीधे उससे जा टकराई। टक्कर के कारण कार में सवार तीनों युवकों की जान चली गई।

सड़क पर कैंटर छोड़कर गायब हुआ ड्राइवर

पुलिस के अनुसार, अभी यह जांच का विषय है कि कैंटर सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कैंटर चालक रास्ता भटकने या किसी अन्य वजह से वाहन को सड़क पर छोड़कर चला गया हो सकता है। नशे की आशंका की भी जांच की जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कार के नंबर के आधार पर पुलिस को मृतकों के परिवारों के संबंध में शुरुआती जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवारों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस कैंटर के नंबर के आधार पर उसके चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच का फोकस हादसे की वजह, कैंटर के सड़क पर खड़े होने की स्थिति और फरार चालक की पहचान पर है।

Author

  • अमर सिंह
    संस्थापक एवं एडिटर | Rashtra Khabar News

    अमर सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 19 वर्षों का अनुभव है। वे प्रतिष्ठित समाचार चैनलों में वीडियो जर्नलिस्ट के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे Hindxpress Media House के संस्थापक हैं और Rashtra Khabar News के माध्यम से हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ सहित देशभर की खबरों एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
🔴 LIVE
Facebook Page