Breaking NewsHaryana NewsLatest News

हरियाणा मॉडल से पंजाब को मिलेगा विकास का नया रास्ता: CM नायब सैनी

पंजौला (पंजाब)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पंजाब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी और केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं ज़मीन पर प्रभावी रूप से लागू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब के गांव पंजौला में आयोजित एक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजक सतपाल पुनिया द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और सिरोपा भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

हरियाणा बना किसानों के लिए आदर्श मॉडल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों की फसल मंडी में पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके खातों में किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने की स्थिति में मुआवजा भी सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता है, जिससे किसान खुद को आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कर रहा है।

संकल्प पत्र के वायदों को जमीन पर उतारा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल वादे करने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि जो कहा जाता है उसे करके दिखाया जाता है। उन्होंने बताया कि भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए 217 वायदों में से पहले चरण में 60 वायदे पूरे किए जा चुके हैं और बाकी वायदों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का खून का रिश्ता है, दोनों की संस्कृति और संस्कार एक जैसे हैं, इसलिए विकास का मॉडल भी साझा होना चाहिए।

लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाएं हुईं सशक्त

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, जिसके लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि पंजाब में महिलाओं को 1100 रुपये देने की घोषणा आज तक पूरी नहीं हो पाई, जो भाजपा और अन्य दलों के काम करने के तरीके का बड़ा अंतर दर्शाता है।

आवास और भूमि स्वामित्व में ऐतिहासिक फैसले

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हरियाणा में करीब 1.50 लाख लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा—27 हजार पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट,14 शहरों में पहले चरण में 15 हजार लोगों को 30-30 गज के प्लॉट,पंचायती भूमि पर 20 वर्षों से कब्जाधारी लोगों को मालिकाना हक दिया गया है।

आप सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग

आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को चुनाव से पहले किए गए वायदों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और ईमानदारी की बात करने वाले नेता खुद जेल तक पहुंच चुके हैं।

पीएम मोदी ने पंजाब को दिया विशेष सम्मान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखकर करोड़ों अनुयायियों को सम्मान दिया है। इसके साथ ही जालंधर, लुधियाना और अमृतसर को औद्योगिक हब बनाने की घोषणा की गई है, जिसे भाजपा सरकार बनने पर मजबूती से लागू किया जाएगा।

Author

  • अमर सिंह | 19 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव | Total TV एवं MH One News के पूर्व वीडियो जर्नलिस्ट | Hindxpress Media House के संस्थापक | Rashtr Khabar डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म के संस्थापक एवं एडिटर-इन-चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page