कश्मीर घूमने जा रहा परिवार हादसे का शिकार, अंबाला में टेम्पो ट्रैवलर के उड़ गए परखच्चे, 10 घायल

अंबाला। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कश्मीर घूमने जा रहा एक परिवार हरियाणा के अंबाला में दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। अंबाला-जगाधरी हाईवे पर कैंट क्षेत्र के रामपुर मोड़ के निकट तड़के करीब चार बजे यात्रियों से भरी टेम्पो ट्रैवलर की एक हाइड्रा वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के 10 सदस्य घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
टक्कर इतनी तेज कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर की पीर वाली गली निवासी परिवार गर्मियों की छुट्टियां बिताने के उद्देश्य से किराए की टेम्पो ट्रैवलर में कश्मीर जा रहा था। यात्रा के दौरान रामपुर मोड़ के पास सामने चल रहे हाइड्रा वाहन से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई।
राहगीरों और पुलिस ने बचाई जान
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। राहगीरों और पुलिस टीम ने मिलकर वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। समय रहते उपचार मिलने से घायलों को प्राथमिक राहत मिल सकी।
ये लोग हुए घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान अब्दुल वाहिद, जहांगीर आलम, गुलफाम, सलमान, अवदोत, सामत, मिस्बा, गुलअफशां, उजमा और 10 वर्षीय महिमा के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।






