CM नायब सैनी का गुजरात दौरा आज से, सूरत और गांधीनगर में निवेशकों से करेंगे मुलाकात

चंडीगढ़: हरियाणा में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 और 28 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सूरत और गांधीनगर में निवेशकों, उद्योगपतियों और प्रवासी हरियाणवियों से संवाद करेगा। इस दौरान हरियाणा में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विस्तार और व्यावसायिक साझेदारियों पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरे में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, निवेश-अनुकूल नीतियों और उपलब्ध बुनियादी ढांचे से निवेशकों को अवगत कराना है।
सूरत में निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें
कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर को सूरत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विभिन्न निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। इन बैठकों में हरियाणा में उद्योग स्थापित करने, मौजूदा औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और संभावित निवेश परियोजनाओं पर चर्चा होगी।
इसके बाद प्रवासी मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें हरियाणा के प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ संवाद किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और औद्योगिक संभावनाओं को सामने रखा जाएगा।
गांधीनगर में होगा हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो
मुख्यमंत्री के गुजरात दौरे के दूसरे दिन, 28 अक्टूबर को गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों, निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है।
रोडशो में हरियाणा की औद्योगिक अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और निवेश से जुड़ी नीतियों को प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही संभावित परियोजनाओं, निवेश प्रस्तावों और व्यावसायिक साझेदारियों पर विचार-विमर्श होगा।
MoU और नई औद्योगिक परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के अनुसार, इस दौरे के दौरान निवेश संबंधी समझौता ज्ञापनों (MoUs) की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। सरकार का जोर निवेशकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और हरियाणा में नए औद्योगिक निवेश के अवसर विकसित करने पर रहेगा।
गुजरात दौरे के दौरान होने वाली बैठकों और रोडशो से सामने आने वाले प्रस्तावों के आधार पर हरियाणा में संभावित निवेश तथा औद्योगिक सहयोग की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।







