Breaking NewsCrimeNational

Birthday पार्टी के बाद मौत की रफ्तार! 250 KM/H से दौड़ रही BMW हादसे का शिकार, इंजन 30 मीटर दूर जा गिरा, दो की मौत

मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तड़के हुआ भीषण हादसा, सोशल मीडिया वीडियो और नशे के एंगल की भी जांच में जुटी पुलिस

BMW 251 Km Speed : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में तेज रफ्तार का खौफनाक अंजाम देखने को मिला, जहां जन्मदिन की पार्टी के बाद घर लौट रहे तीन दोस्तों की BMW कार मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भयावह था कि लग्जरी कार के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। इस दुर्घटना में दो युवाओं की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शुरुआती जांच में कार की रफ्तार 250 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक होने की बात सामने आई है।

बदलापुर के पास तड़के हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे बदलापुर के नजदीक हुआ। तेज गति से दौड़ रही BMW अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई बार पलटी खाकर डिवाइडर के बीच जाकर फंस गई। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन उछलकर लगभग 30 मीटर दूर जा गिरा।

बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद निकले थे तीन दोस्त

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय योगेश नेगी का जन्मदिन था। शनिवार रात बदलापुर पश्चिम में दोस्तों के साथ पार्टी के बाद वह अपने दोस्तों रेबेका जैकब और अंगद के साथ कार में निकला था। पुलिस को घटनास्थल से करीब 9 हजार रुपये का पार्टी बिल भी मिला है, जिससे पुष्टि हुई है कि हादसे से पहले तीनों जश्न मना रहे थे।

 

दो की मौत, एक युवक अस्पताल में भर्ती

हादसे में योगेश नेगी और 24 वर्षीय रेबेका जैकब की मौत हो गई। वहीं कार चला रहा अंगद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कल्याण स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

सोशल मीडिया पोस्ट से मिला स्पीड का सुराग

पुलिस मृतकों के सोशल मीडिया अकाउंट और एक कथित इंस्टाग्राम वीडियो की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले BMW की स्पीड 251 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची हुई थी। पुलिस को शक है कि तेज रफ्तार के साथ लापरवाही और कथित स्टंटबाजी हादसे का कारण बन सकती है।

बैरिकेड से बचने की कोशिश में बिगड़ा संतुलन

जांच एजेंसियों का मानना है कि एक्सप्रेसवे पर लगे कंक्रीट बैरिकेड से बचने की कोशिश के दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई और उछलकर बीच के हिस्से में जाकर रुक गई।

चश्मदीद ने सुनाई हादसे की भयावह कहानी

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, देर रात दो से तीन बजे के बीच BMW कार दो बार बेहद तेज रफ्तार में गुजरती दिखाई दी। कुछ देर बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह चकनाचूर थी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, एक युवती काफी दूर जा गिरी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था।

नशे के एंगल से भी हो रही जांच

पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Author

  • Rashtr Khabar

    A passionate and truth-driven news reporter with a keen eye for detail and a commitment to ethical journalism. I specialize in delivering accurate, timely, and engaging news that informs the public and strengthens trust in media.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page