Breaking NewsCrimeLatest NewsPunjabTop Stories

Mohali Crime News: SSP दफ्तर के बाहर दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

Mohali Crime News : पंजाब के मोहाली में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एसएसपी कार्यालय के ठीक बाहर दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मोहाली कोर्ट रोड स्थित एसएसपी दफ्तर की पार्किंग में हुई, जहां बेखौफ बदमाशों ने सरेआम गोलियां बरसाईं।

मृतक की पहचान, कोर्ट के काम से आया था मोहाली

मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह पाठी के रूप में हुई है, जो मोहाली के गांव रुड़की खाम का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरप्रीत अपनी आई-20 कार में पत्नी के साथ किसी मामले के सिलसिले में मोहाली कोर्ट आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरप्रीत की कार पर पुलिस का स्टीकर भी लगा हुआ था। जैसे ही वह एसएसपी दफ्तर के बाहर पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर सीट पर बैठ रहा था, उसी समय बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

16–17 राउंड फायरिंग, मौके पर मची अफरा-तफरी

हमलावरों ने करीब 16 से 17 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां गुरप्रीत को लगीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही गिर पड़ा। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और इधर-उधर भागने लगे।

पत्नी बाल-बाल बची

इस सनसनीखेज हमले में गुरप्रीत की पत्नी बाल-बाल बच गई, लेकिन वह पूरी तरह से सदमे में है। घटना के बाद वह इतनी घबरा गई थी कि कुछ भी बोल पाने की हालत में नहीं थी। पुलिस अधिकारियों ने उसे संभालते हुए अपने साथ ले लिया। गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया गया।

पत्नी का बयान दर्ज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस मृतक की पत्नी को बयान दर्ज कराने के लिए सोहाना थाने ले गई है। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला टारगेट किलिंग का प्रतीत हो रहा है।

Author

  • अमर सिंह | 19 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव | Total TV एवं MH One News के पूर्व वीडियो जर्नलिस्ट | Hindxpress Media House के संस्थापक | Rashtr Khabar डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म के संस्थापक एवं एडिटर-इन-चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page