Breaking NewsHaryana News

हरियाणा में कक्षा 3 से 9 तक पढ़ाई जाएगी योग शिक्षा, HSSC-HPSC परीक्षाओं में भी होंगे सवाल; CM सैनी की बड़ी घोषणाएं

Haryana Yoga Education : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने शिक्षा, खेल, भर्ती परीक्षाओं और उच्च शिक्षा संस्थानों में योग को विशेष स्थान देने की बात कही।

कक्षा 3 से 9 तक पाठ्यक्रम में शामिल होगी योग शिक्षा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के स्कूलों में तीसरी से नौवीं कक्षा तक योग शिक्षा को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में योग को नियमित गतिविधि बनाने के लिए पीटीआई, डीपीईडी, पीजीटी और चयनित पीआरटी शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि छात्रों को व्यवस्थित ढंग से योगाभ्यास कराया जा सके।

HSSC और HPSC परीक्षाओं में होंगे योग से जुड़े प्रश्न

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में योग से संबंधित प्रश्नों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए परीक्षा नीति में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

मोरनी में बनेगा योग और प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान

नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग का राज्य स्तरीय संस्थान स्थापित किया जाएगा। यहां स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम संचालित होंगे, जिससे योग और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में युवाओं को नई संभावनाएं मिलेंगी।

विश्वविद्यालयों में बढ़ेगा योग का दायरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में विकसित किए जा रहे पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में योग को भी प्रमुख विषय के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों के स्पोर्ट्स विभागों का नाम बदलकर “स्पोर्ट्स एंड योग विभाग” किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की खेल नीति में योगासन को खेल विधा के रूप में शामिल करने के लिए आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

योग शिक्षा में आयुर्वेद का भी होगा समावेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि योग पाठ्यक्रम में आयुर्वेद से जुड़े विषयों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही, पहले से स्वीकृत आयुष योग कोच और प्रशिक्षकों के रिक्त पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सरकारी स्कूलों में गूंजेगा राज्य गीत

एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान राज्य गीत का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, सांस्कृतिक मूल्यों और राज्य के प्रति गौरव की भावना विकसित होगी।

Author

  • Rashtr Khabar

    A passionate and truth-driven news reporter with a keen eye for detail and a commitment to ethical journalism. I specialize in delivering accurate, timely, and engaging news that informs the public and strengthens trust in media.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page