गाजियाबाद पुलिस चौकी में धमाका, SI और डिलीवरी बॉय घायल

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी के अंदर हुए तेज धमाके से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी की है, जहां अचानक हुए विस्फोट से खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूटकर बिखर गए। हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर और सामान की डिलीवरी देने पहुंचा युवक घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमाके के समय चौकी के अंदर उप-निरीक्षक और डिलीवरी बॉय मौजूद थे। विस्फोट के बाद कांच के टुकड़े लगने से दोनों को चोटें आईं। डिलीवरी बॉय की हालत गंभीर बताई गई है और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके की वजह अभी साफ नहीं
इंदिरापुरम के ACP सूर्यबलि मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर अचानक विस्फोट हुआ। धमाका किस वस्तु या सामग्री के कारण हुआ, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आएगी।
पुलिस चौकी में धमाके से कई सवाल
पुलिस चौकी जैसी सुरक्षित जगह के भीतर हुए इस विस्फोट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किसी उपकरण, सामग्री या किसी अन्य कारण से हुआ। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल धमाके की वजह को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।







