राहुल गांधी को CM सैनी की चुनौती, बोले- हरियाणा में कर लें डिबेट

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से डिबेट की चुनौती दिए जाने पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हरियाणा आकर डिबेट कर सकते हैं। इसके लिए वह खुद जगह उपलब्ध करवाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष वहां मौजूद रहेंगे और राहुल गांधी से सवाल करेंगे।
शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि कोई एकतरफा आरोप लगाए और फिर जवाब दिए बिना चला जाए। उन्होंने कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय अपनी शिकायत चुनाव आयोग या अदालत के सामने रखने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री सरकारी योजनाओं के तहत राशि हस्तांतरण के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं, किसानों की फसल खरीद और कांग्रेस के आरोपों सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
चुनाव आयोग या अदालत जाए कांग्रेस: सैनी
चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और यदि कांग्रेस को किसी तरह की आपत्ति है तो उसे मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। अदालतों के दरवाजे भी खुले हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस निर्धारित संस्थागत प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराने के बजाय सार्वजनिक मंचों पर आरोप क्यों लगा रही है। सैनी ने कहा कि केवल घर बैठकर आरोप लगाने से कोई समाधान नहीं निकलेगा।
‘कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने का मुद्दा नहीं’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा उठाकर लोकतंत्र और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है।
मतदाता सूची में नाम कटने या गलत दर्ज होने की शिकायतों पर सैनी ने कहा कि चुनाव आयोग ने आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया निर्धारित की हुई है। उनके मुताबिक, मतदाता सूची सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराई गई थी और गलतियों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए एक महीने का समय भी दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी शिकायतों के लिए निर्धारित फॉर्म भरकर चुनाव आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।







