चंडीगढ़ ताज होटल में संदिग्ध डिवाइस! मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचा बम स्क्वॉड

चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में संदिग्ध डिवाइस दिखाई देने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की क्विक रिएक्शन टीम (QRT), बम स्क्वॉड, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें होटल परिसर में पहुंचीं। फिलहाल पुलिस होटल के पीछे लॉन एरिया में मिली संदिग्ध वस्तु की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि होटल के सिक्योरिटी ऑफिसर की ओर से पुलिस को सूचना दी गई थी कि लॉन एरिया में एक संदिग्ध डिवाइस नजर आई है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके को जांच के दायरे में लिया और संबंधित टीमों को भी बुलाया गया।
मौके पर पहुंची सुरक्षा टीमों की ओर से संदिग्ध वस्तु की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद डिवाइस किस प्रकार की है और इससे किसी तरह का खतरा है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
चंडीगढ़ पुलिस के इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई संदिग्ध वस्तु, बैग या ऐसी चीज दिखाई देती है, जिसके बारे में जानकारी न हो, तो उसे छूने या उसके करीब जाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने लोगों से ऐसी किसी भी स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर जानकारी देने की अपील की है। फिलहाल ताज होटल परिसर में सुरक्षा टीमों की कार्रवाई जारी है और संदिग्ध डिवाइस को लेकर जांच की जा रही है।







