CrimeHaryana News

सोनीपत में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: 25 से ज्यादा मामलों का आरोपी गोपाल उर्फ गोपी ढेर, हेड कांस्टेबल देवेंद्र घायल

एक और हत्या की साजिश रचने पहुंचा था कुख्यात बदमाश, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में सोमवार तड़के हुई पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ में 25 से अधिक संगीन मामलों में वांछित गोपाल उर्फ गोपी मारा गया। इस दौरान आरोपी की गोली लगने से हेड कांस्टेबल देवेंद्र घायल हो गए, जिनका इलाज खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी एक और हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में पहुंचा था।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, सीआईए-1 गन्नौर की टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी गोपाल उर्फ गोपी अपने गांव की तरफ आ रहा है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस टीम पर बरसाईं गोलियां

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं।

 

हेड कांस्टेबल देवेंद्र को लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की एक गोली हेड कांस्टेबल देवेंद्र के बाएं हाथ में लगी। उन्हें तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और लगातार निगरानी में रखी जा रही है।

गोपाल उर्फ गोपी की अस्पताल में मौत

पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोपाल उर्फ गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दो अवैध हथियार और बड़ी संख्या में कारतूसों के खोल बरामद किए गए। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए हैं।

25 से ज्यादा मामलों में था आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गोपाल उर्फ गोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 25 से अधिक मामले दर्ज थे। दो अलग-अलग मामलों में उसे आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई जा चुकी थी।

पैरोल पर आने के बाद फिर सक्रिय हुआ अपराधी

जानकारी के मुताबिक, करीब ढाई महीने पहले पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद उसने कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था। गांव अटायल में फायरिंग, शराब ठेके पर हमला, आगजनी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था।

पुलिस कमिश्नर बोलीं- बड़ी वारदात टल गई

सोनीपत पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने कहा कि आरोपी सोमवार को एक और हत्या की वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में पहुंचा था। समय रहते मिली सूचना और पुलिस की कार्रवाई के चलते एक बड़ी घटना को टाल दिया गया। मामले की तकनीकी और फोरेंसिक जांच जारी है।

Author

  • अमर सिंह
    संस्थापक एवं एडिटर | Rashtra Khabar News

    अमर सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 19 वर्षों का अनुभव है। वे प्रतिष्ठित समाचार चैनलों में वीडियो जर्नलिस्ट के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे Hindxpress Media House के संस्थापक हैं और Rashtra Khabar News के माध्यम से हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ सहित देशभर की खबरों एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page