Breaking NewsHaryana News

पानीपत में सफाई कर्मचारियों का अनोखा प्रदर्शन: संविधान चौक पर सड़क पर उड़ेला कूड़ा, GT रोड पर लगा लंबा जाम

पानीपत : हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सोमवार को विरोध प्रदर्शन का अलग ही अंदाज देखने को मिला। नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने संविधान चौक पर सड़क के बीच कूड़ा डालकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। सड़क पर अचानक कूड़ा फैलने से इलाके में गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बन गई, वहीं GT रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।

प्रदर्शनकारी कर्मचारी कूड़े से भरा डंपर लेकर संविधान चौक पहुंचे थे। यहां उन्होंने डंपर से कूड़ा सड़क पर गिरा दिया। कुछ ही देर में सड़क पर कूड़े का ढेर जमा हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद कर्मचारी नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय की ओर रवाना हुए।

क्यों नाराज हैं सफाई कर्मचारी?

कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के साथ 13 मई 2026 को हुए समझौते में कई मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन उन्हें अब तक लागू नहीं किया गया। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने 6 अगस्त से हड़ताल शुरू की थी, जिसे अब 18 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि 18 अगस्त को ‘विश्वासघात दिवस’ मनाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज किया जाएगा।

ये हैं प्रमुख मांगें

कर्मचारियों की मांगों में कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना, खाली पदों पर भर्ती करना और 13 मई के समझौते को लागू करना शामिल है। इसके अलावा कर्मचारी 15,200 रुपये न्यूनतम वेतन और 5,000 रुपये जोखिम भत्ता देने की मांग भी कर रहे हैं।

वहीं गुरुग्राम से हटाए गए 3,480 कर्मचारियों की बहाली और नगर निकायों में निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी आंदोलन का हिस्सा है।

अब देखना होगा कि कर्मचारियों के इस प्रदर्शन के बाद सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत का रास्ता निकलता है या आंदोलन आने वाले दिनों में और व्यापक रूप लेता है।

——————————रिपोर्ट–प्रवीण भारद्वाज,पानीपत ——————–

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page