
Jalandhar Blast : पंजाब के जालंधर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब Border Security Force (BSF) के मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट एक एक्टिवा स्कूटी में हुआ, जिसे एक डिलीवरी कर्मी द्वारा मुख्यालय के बाहर खड़ा किया गया था। बताया जा रहा है कि युवक पार्सल देने के लिए अंदर गया था और इसी दौरान बाहर खड़ी स्कूटी में अचानक धमाका हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, जबकि मौके पर मौजूद लोग अचानक हुए धमाके से सहम गए।
स्कूटी में विस्फोटक होने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, स्कूटी में किसी प्रकार के विस्फोटक सामग्री होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही हैं। घटना के समय पास की सब्जी मंडी में काफी भीड़ थी। अचानक हुए तेज धमाके के बाद लोग कुछ देर के लिए स्थिति को समझ नहीं पाए और इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूटी में आग लगने के बाद विस्फोट होने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूटी पर सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर खुद BSF मुख्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।
डिलीवरी के दौरान हुआ हादसा
हिरासत में लिए गए एक युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा रोजाना BSF मुख्यालय में पार्सल देने जाता है। घटना वाले दिन भी वह डिलीवरी के लिए पार्सल लेकर गया था। जैसे ही वह पार्सल देकर बाहर लौट रहा था, उसी दौरान स्कूटी में जोरदार धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि युवक स्कूटी से करीब 100 मीटर दूर था, जिससे उसकी जान बच गई।






