Karnal Crime News : करनाल में सुबह-सुबह मर्डर से सनसनी! दुकान पर सफाई कर रहे युवक की रॉड से हत्या, VIDEO सामने आया

Karnal Crime News : हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में शुक्रवार सुबह एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि दुकान पर सफाई कर रहे 30 वर्षीय तेजबीर सिंह पर एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में तेजबीर की मौत हो गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, तेजबीर सिंह और उसका भाई घरौंडा में वीर राइस के पास चाय की दुकान चलाते थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे तेजबीर दुकान खोलकर सफाई कर रहा था। इसी दौरान नेपाल निवासी उत्तम कुमार वहां पहुंचा और कथित तौर पर लोहे की रॉड से तेजबीर पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि अचानक हुए हमले के कारण तेजबीर को संभलने का मौका नहीं मिला। आरोपी के हमले के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की कथित तौर पर पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद घरौंडा पुलिस मौके पर पहुंची और तेजबीर तथा आरोपी दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तेजबीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी का उपचार कराया जा रहा है।
रास्ते में भी हमले की कोशिश का आरोप
परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, दुकान तक पहुंचने से पहले भी आरोपी ने रास्ते में एक बाइक सवार को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच निकला। एक महिला के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों के अनुसार, उत्तम कुमार एक सर्विस स्टेशन पर काम करता था। उनका दावा है कि घटना से पहले उसे रात में एक कमरे में बंद रखा गया था और सुबह वह दरवाजे का शीशा तोड़कर बाहर निकल गया। हालांकि, इन दावों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
परिवार में मातम
मृतक तेजबीर सिंह बालीनगर का रहने वाला था। वह तीन भाई-बहनों में बीच का था और अविवाहित था। उसके पिता सुभाष की करीब 15 वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। परिवार के मुताबिक, मां कृष्णा ने बच्चों का पालन-पोषण किया।
तेजबीर की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने आरोपी के नशे में होने का भी दावा किया है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार, तेजबीर के सिर पर रॉड से हमला किया गया था और उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी भी घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







