Ambala News: आवारा कुत्ते का आतंक! 4 साल के बच्चे समेत 10 लोगों को काटा, पोते को बचाने आई दादी भी घायल -VIDEO सामने आया

Ambala News: हरियाणा के अंबाला जिले के भीलपुरा गांव में एक आवारा कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कुत्ते ने चार साल के बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। हमले के दौरान अपने पोते को बचाने के लिए आगे आई दादी और उनके पति भी कुत्ते का शिकार बन गए। घटना के बाद घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पोते को बचाने के लिए आगे आई दादी, खुद भी हुईं घायल
घायल पिंकेश के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर वह अपने चार वर्षीय पोते दैविक के साथ घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान गली से आए एक कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। पोते को खतरे में देखकर पिंकेश ने उसे पीछे किया और खुद कुत्ते के सामने आ गईं।
बताया गया कि कुत्ते ने पिंकेश के शरीर पर कई जगह काटा और उनका हाथ अपने जबड़े में दबा लिया। इसी बीच उनके पति रघुबीर घर से बाहर आए और दोनों ने मिलकर कुत्ते को हटाने की कोशिश की। इस दौरान कुत्ते ने रघुबीर के हाथ पर भी काट लिया।
पिंकेश के अनुसार, उन्होंने सबसे पहले अपने पोते को बचाने की कोशिश की। इस घटना में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।
बच्चे से लेकर 75 वर्षीय बुजुर्ग तक घायल
कुत्ते के हमले में चार वर्षीय दैविक, 11 वर्षीय वासुदीप, पिंकेश, उनके पति रघुबीर, मिस्त्री बलबीर और 75 वर्षीय तुलसी राम सहित कुल 10 लोग घायल हुए।
घटना के बाद छह घायलों को अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि चार लोगों को निजी अस्पतालों में ले जाया गया। अस्पताल में घायलों को एंटी रेबीज सहित आवश्यक इंजेक्शन दिए गए। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
CCTV में कैद हुआ हमला, बाइक की आड़ लेकर बचा दूध विक्रेता
घटना से संबंधित CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में एक दूध विक्रेता अपनी बाइक की ओर जाता दिखाई देता है। इसी दौरान कुत्ता अचानक उस पर हमला कर देता है।
कुत्ते से बचने के लिए दूध विक्रेता बाइक की आड़ लेता है। इस दौरान उसके पैर पर खरोंच आने की जानकारी सामने आई है। बाइक को बीच में रखने से वह सीधे हमले से बचने में सफल रहता है। इसके बाद कुत्ता वहां से चला जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद गांव में हुई घटना को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर मार डाला
गांव में कुछ ही समय के भीतर कई लोगों पर हमले होने से अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर कुत्ते को घेर लिया और उसे मार डाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया।








