चलती ट्रेन में फिसली महिला,जीआरपी पानीपत के वीर सिपाही ने दिखाया अदम्य साहस,बड़ा हादसा टला

पानीपत, 29 नवंबर 2025। रेलवे स्टेशन पानीपत पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में फिसली एक महिला यात्री को जीआरपी के जवान ने अपनी त्वरित सूझबूझ और बहादुरी से बचा लिया।
घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। करनाल से दिल्ली की ओर जा रही गाड़ी संख्या 64454 जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची, यात्री चढ़ने–उतरने लगे। इस दौरान लगभग 45–50 वर्ष की एक महिला यात्री, जो अकेले सफर कर रही थी, अपना सामान ट्रेन में रखकर चढ़ने ही वाली थी कि तभी ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन की गति बढ़ते ही महिला का पैर फिसल गया और वह कोच तथा प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक तरीके से फंसने लगी।
उसी पल ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के सिपाही जग रूप सिंह (224) की नजर महिला पर पड़ी। बिना एक क्षण गंवाए, बिना किसी भय और हिचक के, उन्होंने आगे बढ़कर महिला को मजबूती से पकड़ा और पूरी ताकत से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते दिखाई गई इस वीरता ने एक संभावित गंभीर हादसे को टाल दिया।
महिला से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है। घटना के बाद ट्रेन को रोका गया तथा महिला को सुरक्षित उसी ट्रेन में बैठाकर उसके गंतव्य तक भेजा गया।
जीआरपी पानीपत के जवान की यह तत्परता और साहस एक बार फिर साबित करता है कि रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम हैं, बल्कि यात्रियों के जीवन रक्षा में भी हमेशा पूरी निष्ठा से तत्पर रहते हैं।






